झारखण्ड /धनबाद। देवघर और बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक कर छत्तीसगढ़ लौट रहे कांवरियों के साथ शुक्रवार देर रात को जामताड़ा में अप्रिय घटना सामने आई। चेंगायडीह के पास सड़क पर जमा पानी का छींटा एक बाइक सवार पर पड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। आरोप है कि 30 से 40 लोगों की भीड़ ने कांवरियों की दो कारों को घेर लिया और पथराव करते हुए यात्रियों के साथ मारपीट की। अचानक हुए घटनाक्रम से कांवरियों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के रहने वाले कांवरिया दो कारों से देवघर और बासुकीनाथ धाम में जलार्पण करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। चेंगायडीह के समीप सड़क पर काफी पानी जमा था। वाहन के गुजरने के दौरान पानी का छींटा पास से गुजर रहे बाइक सवार पर पड़ गया। इसी बात को लेकर बाइक सवार और कांवरियों के बीच कहासुनी हो गई
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। देखते ही देखते करीब 30 से 40 लोगों ने कांवरियों के दोनों वाहनों को चारों ओर से घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने वाहनों पर पथराव किया और यात्रियों के साथ मारपीट की। अचानक घिर जाने से कांवरियों में दहशत फैल गई और उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। आपातकालीन सेवा 112 की सहायता से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ के बीच फंसे कांवरियों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले आई। पुलिस की तत्परता से स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सका। हालांकि, एक वाहन घटनास्थल पर ही रह गया। उसे क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।
डेक्स रिपोर्ट -झारखण्ड डेक्स अमित



