बांका में खेत बचाव अभियान की शुरुआत, 125 किसान मिलकर कर रहे प्राकृतिक खेती

बौंसी के कसबा मंदार पंचायत में किसान चौपाल आयोजित, महिला किसानों को जैविक खेती और मृदा स्वास्थ्य की दी गई जानकारी बांका। जिले में किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाव अभियान 2026 के तहत सोमवार को बौंसी प्रखंड के कसबा मंदार पंचायत में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संयोजन सहायक निदेशक (रसायन), बांका डॉ. कृष्ण कांत ने किया। उन्होंने बताया कि खेत बचाव अभियान के माध्यम से किसानों को मिट्टी की जांच कराने तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई अनुशंसा के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

125 किसानों का बना क्लस्टर

कसबा मंदार पंचायत में 125 किसानों का एक क्लस्टर बनाकर प्राकृतिक खेती की जा रही है। इसमें महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी है। सरकारी प्रावधान के अनुसार, प्रत्येक किसान को दो हजार रुपये की सहयोग राशि दी जाती है। वहीं, प्रत्येक क्लस्टर पर दो जीविका दीदियों को कृषि सखी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है, जिन्हें पांच हजार रुपये प्रतिमाह सहयोग राशि मिलती है। कृषि सखियां किसानों को बैठक और चौपाल के माध्यम से प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी देती हैं।

जैविक खाद बनाने का दिया प्रशिक्षण

चौपाल के दौरान किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। इसके अलावा किसानों को जैव उत्पाद केंद्र का भ्रमण कराकर वर्मीकंपोस्ट और जीवामृत तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने दलहन एवं तिलहन की खेती, फसल विविधीकरण, मौसम अनुकूल कृषि, डिजिटल एग्रीकल्चर, किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा की जानकारी भी दी।

डॉ. कृष्ण कांत ने बताया कि जिले में पहले से नौ क्लस्टर बनाकर प्राकृतिक खेती कराई जा रही है। प्रत्येक क्लस्टर में 125 किसान पंजीकृत हैं। महिला किसानों को सब्जी की खेती के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने में भी विभाग सहयोग करेगा।

अभियान 30 नवंबर तक जिले की विभिन्न पंचायतों में चलाया जाएगा। मौके पर आदर्श सहनी, शालिनी प्रिया, वंदना कुमारी और जैव उत्पाद केंद्र के संचालक रणवीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट -दीपक कुमार सिंह 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles