बांका जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक आरएमके मैदान में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह को लेकर मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

समारोह की शुरुआत जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के संयुक्त निरीक्षण से हुई। दोनों अधिकारी खुली जीप में सवार होकर मैदान पहुंचे और भव्य परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी सतीश चन्द्र झा, विश्वनाथ सिंह, महिपाल सिंह सहित जिले और देश के सभी वीर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

अपने संबोधन में डीएम ने जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम यानी RTPS के क्रियान्वयन में बांका जिला लगातार पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। वहीं आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के मामले में जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर है।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि जिले से बाहर रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या में करीब 70 प्रतिशत की कमी आई है। सदर अस्पताल में चार बेड का अत्याधुनिक आईसीयू, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी और प्रतिदिन औसतन आठ सुरक्षित सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में 111 विद्यालयों में आईसीटी लैब और 249 स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं। इसका असर परीक्षा परिणामों में भी दिखाई दिया है। वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में बांका के छह विद्यार्थियों ने बिहार के टॉप-10 में स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
डीएम ने बताया कि जिले में आधारभूत संरचना के विकास पर भी तेजी से काम हो रहा है। ओढ़नी नदी पर पुल, एनएच-333A के तहत पांच महत्वपूर्ण बायपास और अमरपुर में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण जारी है। पांच नए पावर सब-स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जबकि 308 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। 1,395.63 सर्किट किलोमीटर जर्जर बिजली तार बदले जा चुके हैं।
कृषि क्षेत्र में सुल्तानगंज से पाइपलाइन के माध्यम से गंगा जल को बदुआ, फुल्लीडूमर, मध्यगिरि और विलासी जलाशयों तक पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम चल रहा है। इससे कई प्रखंडों के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन के क्षेत्र में ओढ़नी डैम में आधुनिक रिजॉर्ट, थीम पार्क और कनेक्टिंग ब्रिज का निर्माण प्रगति पर है। कटोरिया के करझौसा में अल्ट्राटेक सीमेंट की नई इकाई से रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। वहीं श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की सुविधा के लिए पांच आधुनिक टेंट सिटी, स्थायी सूचना केंद्र और चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था की गई है।
समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही चिन्हित भूमिहीन परिवारों के बीच आवासीय भूमि का पर्चा भी वितरित किया गया।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, कृषि, पर्यटन और सुशासन को मजबूत करते हुए बांका को राज्य का अग्रणी जिला बनाने का लक्ष्य है।
रिपोर्ट – बांका डेक्स अमित
