कटिहार के इस स्कूल में 229 बच्चे, RO-पानी से लेकर हैंडवॉश स्टेशन तक की सुविधा; लेकिन 4 विषयों के शिक्षक नहीं!

कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड के गौरीपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खोजाटीहाट इंग्लिश में 229 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ शुद्ध पेयजल, आरओ, बिजली, वाई-फाई और मध्यान भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि कक्षा 6 से 8 तक अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और संस्कृत जैसे विषयों के शिक्षक नहीं होने से पठन-पाठन में परेशानी की बात प्रधानाध्यापक ने कही है।

विषयवार शिक्षक नहीं होने से परेशानी

प्रधानाध्यापक सुभाष चन्द्र मंडल के अनुसार कक्षा 6 से 8 तक अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और संस्कृत विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इससे विषयवार पढ़ाई कराने में कठिनाई होती है। उन्होंने विभाग से सभी विषयों के शिक्षकों की जल्द नियुक्ति की मांग की है।

शिक्षक समय पर पहुंचकर निभा रहे जिम्मेदारी

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक-शिक्षिकाएं सरकारी नियमों का पालन करते हुए समय पर विद्यालय पहुंचते हैं। सभी शिक्षक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं।

शुद्ध पेयजल से तैयार होता है मध्यान भोजन

विद्यालय में मध्यान भोजन तैयार करने के लिए शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल किया जाता है। भोजन के बाद बच्चों के हाथ धोने के लिए हैंडवॉशिंग स्टेशन की व्यवस्था भी की गई है। प्रधानाध्यापक के अनुसार बच्चों को मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण मध्यान भोजन दिया जाता है।

229 छात्र-छात्राएं विद्यालय में नामांकित

विद्यालय में वर्तमान में 229 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। प्रधानाध्यापक के अनुसार करीब 80 प्रतिशत बच्चे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचते हैं और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पढ़ाई करते हैं। बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए टीएलएम किट और आनंददायी शिक्षण पद्धति का इस्तेमाल किया जा रहा है।

टीएलएम और चित्रों के जरिए पढ़ाई

विद्यालय की कक्षाओं में विषय के अनुरूप टीएलएम और विभिन्न प्रकार के चित्र लगाए गए हैं। शिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल-खेल में और चित्रों के माध्यम से पढ़ाने का प्रयास किया जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में रुचि बढ़ रही है।

स्कूल में बिजली, आरओ और वाई-फाई की सुविधा

प्रधानाध्यापक के अनुसार विद्यालय में बिजली का विधिवत कनेक्शन है। सभी कमरों में लाइट और पंखे लगाए गए हैं। इसके अलावा विद्यालय में आरओ और वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है। बच्चों को पाठ्य पुस्तक के साथ बैग, पानी की बोतल और एफएलएन किट भी वितरित की गई है।

12 कमरों का दो मंजिला भवन

उत्क्रमित मध्य विद्यालय खोजाटीहाट इंग्लिश करीब 52 डिसमिल जमीन पर स्थित है। विद्यालय में 12 कमरों का दो मंजिला भवन है। स्कूल में फर्नीचर, टेबल-कुर्सी और म्यूजिक सेट जैसी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

शिक्षकों का संचालन में सहयोग

प्रधानाध्यापक सुभाष चन्द्र मंडल ने बताया कि रीता कुमारी, अंगद कुमार साह, रेणु कुमारी, सिकंदर मंडल और शिक्षा सेवक गुड़िया कुमारी पठन-पाठन के साथ विद्यालय संचालन में सहयोग करते हैं। सभी शिक्षक विद्यालय के विकास और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं।

साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान

विद्यालय परिसर और शौचालय की नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ भोजन के बाद हाथ धोने की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक शनिवार को शिक्षकों और अभिभावकों के साथ वर्गवार बैठक आयोजित की जाती है।

प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में अतिरिक्त शौचालय की आवश्यकता बताई है। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्यालय परिसर में चहारदीवारी और गेट निर्माण की मांग की है। इसके अलावा परिसर में मिट्टी भराई और ईंट सोलिंग हो जाने से बारिश समेत हर मौसम में बच्चों को बेहतर सुविधा मिलने की बात कही है।

रिपोर्ट: प्रवीण कुमार, प्राणपुर (कटिहार)

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles