बांका में जिउतिया पर्व पर तीन दिवसीय अनुष्ठान आज से, नहाय-खाय के बाद कल निर्जला उपवास

बांका में पुत्र की दीर्घायु, आरोग्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर मनाए जाने वाले लोक आस्था के प्रमुख पर्व जिउतिया (जितिया) को लेकर बौंसी और मंदार क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। तीन दिवसीय पर्व को लेकर स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सोने और धागे की तैयार जियुतिया के साथ पूजा सामग्री, फल, श्रृंगार सामग्री और डलिया पूजन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी के लिए बाजार में महिलाओं की भीड़ जुट रही है।

देवनगरी मंदार में जिउतिया पर्व के तीन दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत गुरुवार को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती महिलाएं स्नान कर पूजा-अर्चना करने के बाद पारंपरिक रूप से सात्विक भोजन ग्रहण करेंगी। नहाय-खाय के बाद शुक्रवार को माताएं अपने पुत्रों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला उपवास रखेंगी। इसके बाद शनिवार को पारंपरिक विधि-विधान के साथ व्रत का पारण किया जाएगा।

बाजार में बढ़ी रौनक

जिउतिया पर्व को लेकर गुरुवार को बौंसी और मंदार के स्थानीय बाजारों में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। जियुतिया के अलावा पूजा सामग्री, फल, श्रृंगार का सामान और डलिया पूजन में उपयोग होने वाली वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। सोने की जियुतिया के साथ धागे से बनी तैयार जियुतिया भी महिलाओं की पसंद बनी हुई है। पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही विभिन्न डिजाइन और प्रकार की जियुतिया तथा पूजन सामग्री मंगाकर दुकानें सजा रखी हैं।

पापहरणी सरोवर में उमड़ेगी भीड़

जिउतिया के नहाय-खाय को लेकर मंदार स्थित पापहरणी सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। धार्मिक मान्यता के कारण पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सरोवर में स्नान कर पूजा-अर्चना करती हैं। इसे लेकर पापहरणी सरोवर और आसपास के क्षेत्रों में चहल-पहल बढ़ गई है।

स्थानीय बाजार और साप्ताहिक हाट में भी पर्व को लेकर विशेष रौनक देखने को मिल रही है। फल, पूजा सामग्री और डलिया के सामान की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पर्व को लेकर माताओं में खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों के अनुसार नहाय-खाय के दिन पापहरणी सरोवर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदार का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा।

रिपोर्ट -माखन सिंह

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles