बिहार में नशीले पदार्थ के सेवन से 4 युवकों की हालत गंभीर, मुंह से निकल रहा था झाग; पटना रेफर

बाढ़। पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में नशीले पदार्थ के सेवन के बाद चार युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। युवकों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है। हालांकि, उन्होंने शराब या किस नशीले पदार्थ का सेवन किया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एक साथ बैठे थे चारों युवक, अचानक बिगड़ी तबीयत

ग्रामीणों के अनुसार, चारों युवक गांव के पास एक साथ बैठे थे और कथित तौर पर शराब या किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर ग्रामीणों ने सभी को बाढ़ के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।

निजी क्लीनिक से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया

स्थिति में सुधार नहीं होने पर चारों युवकों को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने वाले तीन युवकों के मुंह से झाग निकल रहा था। बाद में चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने सभी की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार किया।

सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि चारों मरीजों की स्थिति लगभग एक जैसी थी। ग्रामीणों ने शराब या किसी नशीले पदार्थ के सेवन की जानकारी दी है, लेकिन किस पदार्थ का सेवन किया गया और उसमें किसी तरह की मिलावट थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।

चारों युवकों की हुई पहचान

घटना में बीमार पड़े युवकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), पिता रामाकांत कुमार; विकास राम (40), पिता विरजु राम; पंकज सिंह (45), पिता नन्दे सिंह; और निशु कुमार (30), पिता राजू सिंह के रूप में हुई है।

नशीले पदार्थ की जांच के बाद ही होगा खुलासा

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि चारों युवकों ने शराब, कोई अन्य नशीला पदार्थ या मिलावटी पदार्थ का सेवन किया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल है। नशीले पदार्थ की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

रिपोर्ट -पटना डेक्स

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles