अमरपुर नगर पंचायत के सामान्य बोर्ड की बैठक गुरुवार को दोपहर एक बजे नगर सरकार भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद रीता साहा ने की। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार समेत नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले किसानों के लिए स्थान, स्ट्रीट लाइट, जलमीनारों के रखरखाव और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में गोला चौक के समीप सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले किसानों को राहत देने का निर्णय लिया गया। अब किसानों को सड़क किनारे बैठकर सब्जी बेचने के बजाय राजस्व कचहरी परिसर में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही राजस्व कचहरी परिसर में सब्जी मंडी के निर्माण का प्रस्ताव भी लिया गया। पार्षदों का मानना है कि इससे किसानों को सुविधा मिलेगी और सड़क किनारे सब्जी की दुकानें लगने से होने वाली यातायात समस्या में भी कमी आएगी।
सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों में नाराजगी
बैठक के दौरान सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। पार्षद प्रदीप कुमार साह, पप्पू पंकज दास, शंकर महतो समेत अन्य पार्षदों ने आरोप लगाया कि कई सफाई कर्मी अपनी सुविधा के अनुसार काम पर आते-जाते हैं। उनके काम करने का कोई निर्धारित समय दिखाई नहीं देता। पार्षदों ने कहा कि संवेदक के साथ हुए एग्रीमेंट के अनुसार रविवार को भी सफाई कार्य किया जाना है, लेकिन कई बार रविवार को सफाई व्यवस्था प्रभावित रहती है।
पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सफाई कर्मी अन्य कर्मियों को काम के प्रति भड़काते हैं और छोटी-छोटी बातों को लेकर हड़ताल पर जाने की धमकी देते हैं। सार्वजनिक शौचालयों की दिन में दो बार सफाई के निर्देश का पालन नहीं होने का मामला भी बैठक में उठाया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने संवेदक के मुंशी को बैठक में बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कार्य में लापरवाही जारी रही तो संवेदक के खिलाफ आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी।
पर्व को लेकर विशेष सफाई अभियान
बैठक में दुर्गा पूजा से लेकर छठ पूजा तक नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने पर सहमति बनी। मृत पशुओं के निपटारे की समुचित व्यवस्था करने, संवेदक का कार्यालय खोलने और आम लोगों की शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर निविदा प्रक्रिया, राजस्व कचहरी परिसर में सब्जी मंडी निर्माण तथा बस स्टैंड में इसके लिए स्थान चिह्नित करने पर चर्चा हुई। सभी जलमीनारों को सुचारू रूप से संचालित करने और उनके नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
रिपोर्ट – सुमन सौरभ

