बांका में विकास योजनाओं की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा कायाकल्प, पोषण ट्रैकर रैंकिंग में जिले को प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य 

बांका के समाहरणालय सभागार में रविवार को प्रभारी जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन शिकायतों, राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, RTPS और अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सहयोग शिविर एवं उच्चस्तरीय समिति से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान लंबित आवेदनों का निष्पादन करने, आवेदकों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क स्थापित करने तथा अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। आगामी राज्यस्तरीय सहयोग शिविर के लिए पात्र आवेदकों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों में होगा सुधार

आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी विद्यालयों या अन्य सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। जहां सरकारी भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां भूमि चिह्नित कर भवन निर्माण की कार्रवाई करने को कहा गया। जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी भवनों का कायाकल्प अभियान के तहत जीर्णोद्धार कराने पर भी जोर दिया गया।

पोषण ट्रैकर में प्रथम स्थान का लक्ष्य

पोषण ट्रैकर की रैंकिंग में बांका को प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने की गति बढ़ाने को कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं और राजस्व मामलों की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आशा कार्यकर्ताओं के चयन एवं भुगतान, दवाओं की उपलब्धता, एचपीवी टीकाकरण, एनक्यूएएस प्रमाणीकरण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, समय पर भुगतान और संबंधित पोर्टल पर आंकड़े अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

राजस्व शाखा की समीक्षा में सरकारी भूमि, जमाबंदी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी पोर्टल, भूमि विवाद और राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर दिया गया। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

इसके अलावा संत रविदास विकास शिविर, उज्ज्वला योजना, बिजली कनेक्शन, सड़क-नाली निर्माण, पेंशन, भूमि अधिग्रहण और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मियों के बकाया भुगतान से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। प्रभारी जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और अनुपालन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

न्यूज़ – दीपक कुमार

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles