सारण में दोस्त ने की दोस्त की चाकू से हत्या, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
बिहार के सारण सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के बगौछिया गांव में शुक्रवार देर रात दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 17 वर्षीय रोहित कुमार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही दोस्त आकाश कुमार पर लगा है। घटना के बाद आरोपी चाकू लेकर जनता बाजार थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
बताया जा रहा है कि रोहित कुमार और आकाश कुमार आपस में दोस्त थे। दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद आकाश रोहित को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद किसी स्थान पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और आकाश ने रोहित पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को लेकर सीधे जनता बाजार थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के पीछे की पूरी वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय आरोपी और मृतक के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
छपरा से पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट
