किशनगंज में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 290 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार, 60 लाख का मादक पदार्थ बरामद

किशनगंज। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ), जिला आसूचना इकाई और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई में एक महिला समेत तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 290.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। इसके अलावा 1.28 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने कार्रवाई शुरू की। पहली कार्रवाई में पुलिस ने 186.19 ग्राम हेरोइन/स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के मोजामपुर निवासी 31 वर्षीय शैली खातून के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मादक पदार्थ की खेप किशनगंज जिले के खगड़ा स्थित करबला चौक के पास किसी व्यक्ति को देने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से मादक पदार्थ बरामद किया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने दो अन्य कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 103.88 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनगंज के सिधिया वार्ड संख्या-15 निवासी अकबर आलम और रूईधासा वार्ड संख्या-23 निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पास से 1,28,750 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग भी सक्रिय हो सकते हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर किशनगंज थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल, किशनगंज थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles