मुंगेर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; मायके वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

मुंगेर। बासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर बासुदेवपुर थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान चुरंबा निवासी सैफ अली की 25 वर्षीय पत्नी तमन्ना परवीन के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, उसकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के पिता मुन्ना खां ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर तमन्ना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने तमन्ना की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को फंदे से लटका दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा दी है।

बासुदेवपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में गहन तफ्तीश की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles