अमरपुर शहर के बनियाचक मोहल्ले में रविवार को दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद मोहल्ले में भी मातम का माहौल है।
मृतक के पिता हेमंत ठाकुर ने बताया कि रविवार को परिवार के सभी लोग नया चक्र पोखर के समीप स्थित खेत में काम कर रहे थे। खेत में काम करने के बाद सभी लोग खाना खाने के लिए बैठे। खाना खाने के बाद शिवम पोखर के सीढ़ी घाट की ओर हाथ धोने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। शिवम को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह पानी में डूबने लगा।
पोखर में किशोर के डूबने की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पोखर में उतरकर शिवम की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में किशोर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
अमरपुर रेफलर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार के लोग शव से लिपटकर रोने लगे। आसपास के लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पोखर में गहरा पानी होने के कारण सावधानी बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्ट – सुमन सौरव
