कटोरिया में पारिवारिक विवाद के बाद 33 वर्षीय महिला ने खाया कीटनाशक, इलाज के दौरान मौत; बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

कटोरिया। बांका जिले के कटोरिया प्रखंड क्षेत्र के तरगच्छा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में विवाद के बाद 33 वर्षीय आशा देवी ने कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घर में विवाद के बाद उठाया खतरनाक कदम

मृतका की पहचान तरगच्छा गांव निवासी मिथिलेश कुमार यादव की पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को घर में गोतनी समेत परिवार के कुछ सदस्यों के साथ उनका विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आशा देवी द्वारा कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन किए जाने की बात सामने आई है।

अचानक महिला की बिगड़ने लगी तबीयत

कीटनाशक पदार्थ के सेवन के कुछ समय बाद आशा देवी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया ले गए।

कटोरिया से बांका किया गया रेफर

सीएचसी कटोरिया में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर बांका पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने किया मृत घोषित किया

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने आशा देवी की जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घर में मातम छा गया।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

आशा देवी की मौत से उनके 15 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार और 12 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बिरनी देवी, भाभी उर्मिला देवी, चचेरे भाई रोहित यादव सहित अन्य परिजन भी घटना से गहरे सदमे में हैं।

मौत की वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट

प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद के बाद कीटनाशक पदार्थ खाने की बात सामने आ रही है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में महिला ने यह कदम उठाया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

रिपोर्ट – रविशंकर सिंह

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles