बांका में बाल श्रम पर DM सख्त, सघन छापेमारी के निर्देश; प्रवासी मजदूरों के आश्रितों को मिले 2-2 लाख रुपये

बांका: श्रम संसाधन एवं प्रवासी कल्याण विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बाल श्रम के खिलाफ सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को प्रखंडवार और योजनावार लक्ष्य निर्धारित कर काम करने तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक के अंत में बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत हादसों में जान गंवाने वाले तीन प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश भी सौंपे गए।

बाल श्रम के खिलाफ चलेगा सघन अभियान

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बाल श्रमिकों के संबंध में गंभीरता दिखाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम के लिए नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों का तय होगा लक्ष्य

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के कार्यों का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने योजना-वार लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप कार्य करने तथा सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने को कहा।

श्रावणी मेला में मुक्त कराए गए तीन बाल श्रमिकों की होगी निगरानी

श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा मुक्त कराए गए तीन बाल श्रमिकों के पुनर्वास को लेकर भी निर्देश दिए गए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि इन बच्चों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और समय-समय पर उनके पठन-पाठन एवं सुरक्षा की स्थिति का जायजा लेने को कहा गया।

निजी भवनों से लेबर सेस वसूली पर जोर

बैठक में बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निजी भवनों से उपकर यानी लेबर सेस की राशि की वसूली की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लेबर सेस की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

तीन प्रवासी मजदूरों के आश्रितों को मिले 2-2 लाख रुपये

बैठक के अंत में बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत बिहार से बाहर दुर्घटना में मृत्यु होने वाले तीन प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश वितरित किए गए।

सड़क हादसे में मनीष कुमार की मौत, आश्रित को मिली सहायता

फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के गंगाधीह गांव निवासी स्वर्गीय मनीष कुमार की 22 अगस्त 2025 को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनके आश्रित आशिष/निशा कुमारी को योजना के तहत 2 लाख रुपये का स्वीकृति आदेश सौंपा गया।

 

चेन्नई में करंट लगने से छोटेलाल सिंह की मौत

फुल्लीडुमर प्रखंड के बड़ी भेड़ा गांव निवासी स्वर्गीय छोटेलाल सिंह की 6 दिसंबर 2025 को चेन्नई में बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। उनके निकटतम वैध आश्रित रीना देवी को 2 लाख रुपये का स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया।

 

महाराष्ट्र में ट्रेन से गिरकर राजू राय की मौत

बांका थाना क्षेत्र के चनवाडीह गांव निवासी स्वर्गीय राजू राय की 16 जून 2025 को महाराष्ट्र के खंडवा स्थित लोहानंद ताल में ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई थी। उनके निकटतम वैध आश्रित सुदामी देवी को भी 2 लाख रुपये का स्वीकृति आदेश दिया गया।

बैठक में श्रम विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में श्रम अधीक्षक बांका निखिल कुमार रंजन सहित जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई करने और पात्र लाभुकों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

 

रिपोर्ट -जिला प्रसासन बांका

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles