1.25 करोड़ की डकैती मामले में छत्तीसगढ़ से 2 और आरोपी गिरफ्तार, 4.72 लाख नकद व स्वर्ण आभूषण बरामद

– दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में बीज कारोबारी के घर 3 अगस्त को हुई थी डकैती, मामले में अब तक कुल 9 गिरफ्तार

बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीसराय में बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर हुई सवा करोड़ रुपये की भीषण डकैती मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने इस मामले में संलिप्त दो और आरोपितों को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 4.72 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में लूटे गए सोने के जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 9 बदमाशों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। रविवार को दीपनगर थाने में प्रेस वार्ता कर बिहारशरीफ सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी।

 

*बहनोई के घर कोरबा में छिपा था आरोपित:*

सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गुलनी गांव निवासी राज कुमार महतो के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार और जोरारपुर गांव निवासी शिव शंकर प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है। डकैती की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद सोनू पुलिस से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के कोरबा भाग गया था, जहां उसका बहनोई रेलवे में कार्यरत है। पुलिस की स्पेशल टीम ने दोनों को वहीं से इंटरसेप्ट कर गिरफ्तार किया और आवश्यक पूछताछ के लिए दीपनगर लेकर आई।

 

*4.72 लाख नकद और भारी मात्रा में आभूषण बरामद:*

पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनके कन्फेशन के आधार पर पुलिस ने लूटे गए 4 लाख 72 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही, दो सोने की चेन, एक सोने का बड़ा मंगलसूत्र, एक बड़ा तिकोने आकार का सोने का मंगलसूत्र का लॉकेट, भगवान गणेश का चित्र उकेरा हुआ एक सोने का लॉकेट, एक सोने का सिक्का और वारदात में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

*अब तक 9 बदमाशों की हो चुकी है गिरफ्तारी:*

दीपनगर थानाध्यक्ष सह केस के आईओ (अनुसंधानकर्ता) सुमन कुमार इस कांड के खुलासे के लिए लगातार शहर-दर-शहर छापेमारी कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने अब तक 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पांच आरोपितों को झारखंड के जामताड़ा से, एक को नवादा के वारसलीगंज से और दिल्ली भाग चुके एक अन्य आरोपित को उसके घर लौटने की सूचना पर गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के साथ-साथ पुलिस लगातार लूटे गए पैसों और जेवरातों की रिकवरी भी कर रही है।

 

*स्पीडी ट्रायल चलाकर दिलाई जाएगी सख्त सजा:*

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सोनू कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और मर्डर जैसे गंभीर मामलों में सिलाव, लहेरी और दीपनगर थानों में पूर्व से ही कई मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज रही है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि फरार चल रहे अन्य आरोपितों की भी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पुलिस शीघ्र चार्जशीट दाखिल करेगी और स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का काम करेगी।

 

इस सफल छापेमारी दल में दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) के इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार, सिपाही अभिमन्यु कुमार, दीपनगर थाने के सिपाही कालिका ठाकुर और चालक सिपाही आलोक कुमार व निरंजन कुमार शामिल थे।

 

डेक्स रिपोर्ट -राहुल

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles