बिहार के बेतिया जीएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मां अपनी 11 वर्षीय बीमार बच्ची को गोद में लेकर अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकती नजर आ रही है। मां अस्पताल में डॉक्टर और इलाज की तलाश करती दिख रही है, लेकिन बच्ची को ले जाने के लिए उसे स्टेचर तक नहीं मिल सका।
पूरा मामला पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित जीएमसीएच का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला अपनी 11 वर्षीय बेटी सयाना खातून को गोद में लेकर अस्पताल में इधर-उधर जाती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मां उसे लेकर अस्पताल पहुंची थी। परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के बाद बच्ची को ले जाने के लिए स्टेचर उपलब्ध नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर मां अपनी बीमार बच्ची को गोद में लेकर अस्पताल परिसर में डॉक्टर की तलाश करती रही। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बच्ची के पिता नजीर अंसारी हैं और परिवार चनपटिया थाना क्षेत्र के महना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर जीएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
*बाइट- अनिल कुमार, अस्पताल अधीक्षक*
अस्पताल अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है। अस्पताल में कुछ कर्मचारियों की कमी है, जिसकी वजह से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई होगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही कर्मचारियों की कमी को दूर किया जाएगा। साथ ही वीडियो की जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें की ये पहला मामला नहीं हैं जब बेतिया का जीएमसीएच चर्चा में हैं। इसके पहले भी कई बार अस्पताल की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। कई वीडियो वायरल हो चुका हैं जो इस सूबे के इतने बड़े अस्पताल की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर चुका हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
