बिहार में कड़े शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश में लगे हैं। इसी क्रम में जहानाबाद उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-22 स्थित उमता धरनई थाना क्षेत्र के पास एक 10 चक्के वाले ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में राजस्थान के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक दिलीप कुमार पाठक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से शराब की एक बड़ी खेप जहानाबाद के रास्ते पटना ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर जिले के सीमावर्ती इलाके उमता धरनई के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक 10 चक्के के संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रक में ऊपर से भूसे की बोरियां लादी गई थीं। ट्रक के बाहर से स्कैनर मशीन भी काम नही किया तो जब गहराई से जांच की गई, तो भूसे के नीचे लोहे और प्लाई का एक विशेष गुप्त तहखाना बना मिला, जिसमें विदेशी शराब की बोरियां और कार्टन छिपाकर रखे गए थे।
उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और मौके से चालक तथा खलासी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी प्रवीण कुमार सिंह और रमेश कुमार मीणा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें इस ट्रक को पटना सुरक्षित पहुंचाने के लिए 20 हजार रुपये देने का वादा किया गया था, हालांकि उन्होंने शराब के मुख्य नेटवर्क और सप्लायरों के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है। फिलहाल जब्त ट्रक को उत्पाद कार्यालय परिसर में लाकर गुप्त तहखाने से शराब निकाली जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद ही शराब की वास्तविक मात्रा और सही कीमत का आकलन हो सकेगा। उत्पाद विभाग की टीम इस पूरे अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाने और मुख्य धंधेबाजों तक पहुँचने के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
