बांका में स्कूल जाने के बाद लापता 11 वर्षीय छात्रा का कुएं में मिला शव, पिता ने कहा जमीन विवाद में हुई बेटी की हत्या

 

 

बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के ढकना गांव में दो दिन से लापता छठी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा प्रतिमा कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार को घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा के पिता निरंजन यादव ने जमीन विवाद को लेकर अपने गोटिया पर बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि, छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।पुलिस आत्महत्या के बिंदु सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

 

जानकारी के अनुसार, ढकना गांव निवासी निरंजन यादव की पुत्री प्रतिमा कुमारी बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल ड्रेस पहनकर पढ़ने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों को देर शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर चिंता हुई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार को उसके पिता ने सुईया थाना में प्रतिमा के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई।

 

शुक्रवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में आसपास के लोगों ने छात्रा का शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों को जानकारी दी गई तो वे भी घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर प्रभारी बेलहर एसडीपीओ सुमित शेखर, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया झा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव की पहचान प्रतिमा कुमारी के रूप में होने के बाद उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

 

पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और घटनास्थल एवं शव से संबंधित साक्ष्यों को एकत्र किया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे छात्रा की मौत के कारणों का पता चल सके।

 

मृतका के पिता निरंजन यादव ने बताया कि उनकी पुत्री स्कूल ड्रेस में घर से निकली थी, लेकिन स्कूल पहुंची ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गोटिया के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने कई बार जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही। पिता के अनुसार करीब एक माह पहले विवाद को लेकर 112 पुलिस को भी सूचना दी गई थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी। उन्होंने आशंका जताई कि जमीन विवाद के कारण उनकी पुत्री की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है।

 

प्रभारी बेलहर एसडीपीओ सुमित शेखर ने बताया कि कुएं से बच्ची का शव बरामद हुआ है। परिजन के फर्द बयान के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। बच्ची की मौत कैसे हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles