पटना जिले के बिक्रम प्रखंड में बसेरा अभियान के तहत सोमवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर भूमिहीन परिवारों के बीच आवास निर्माण के लिए जमीन का पर्चा वितरित किया गया। स्थानीय विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने लाभुकों को जमीन का पर्चा सौंपा। पर्चा मिलने के बाद भूमिहीन परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर और आशियाना हो। सरकार बसेरा अभियान के माध्यम से भूमिहीन गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करा रही है। जमीन का पर्चा मिलना गरीब परिवारों के अपने घर के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अंचलाधिकारी मयंक शेखर ने बताया कि बिक्रम प्रखंड क्षेत्र के कुल 150 भूमिहीन लोगों को बसेरा अभियान के तहत जमीन का पर्चा दिया गया है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित आशियाना प्रदान करना है।
कार्यक्रम में बीडीओ पंकज कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष अभिषेक रंजन मोंटी, जदयू अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, नंद किशोर, समाजसेवी अनिल कुमार, सतीश कुमार, पंकज कुमार, अजय तिवारी, अभिजीत कुमार, संजय राम, सतीश पासवान, जितेंद्र यादव, घनश्याम शर्मा, उज्ज्वल कुमार, पिंटू कुमार, सोनू कुमार, प्रिंस पासवान, गोलू चन्द्रवशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लाभुकों ने जमीन का पर्चा मिलने पर सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने की उम्मीद जगी है। कार्यक्रम के बाद विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
रिपोर्टर-संदीप कुमार सिंह
