लखीसराय सदर अस्पताल में महिला सफाईकर्मी ने फंदे से लटककर की आत्महत्या

बिहार के लखीसराय सदर अस्पताल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल में कार्यरत एक महिला सफाईकर्मी का शव एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर कवैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान दामोदरपुर गांव निवासी रवि पासवान की पत्नी कुसुम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कुसुम कुमारी जीविका के माध्यम से लखीसराय सदर अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करती थीं। वह रोज की तरह रविवार को भी अस्पताल में ड्यूटी करने पहुंची थीं। काम के दौरान वह अस्पताल परिसर स्थित एक कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। इसके बाद अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कुसुम कुमारी का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कवैया थाना की पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले महिला की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या उनके सामने कोई पारिवारिक अथवा व्यक्तिगत परेशानी थी।

महिला सफाईकर्मी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अस्पताल में काम करने वाले अन्य कर्मियों में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

कवैया थाना पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े कई तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

लखीसराय से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles